ग्राम प्रधानों की टीबी मुक्त भारत अभियान कार्यशाला आयोजित
पौड़ी। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से ब्लॉक सभागार एकेश्वर में ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम प्रधानों की एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जीशान मलिक ने ग्राम प्रधानों को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संभावित मरीजों की पहचान कर जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने और उपचाररत मरीजों को नियमित दवा लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यशाला में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. निकिता चौधरी सहित ग्राम प्रधान मौजूद रहे।