विद्यालयों में विकसित भारत की तस्वीर उकेरेंगे छात्र-छात्राएं: डा. धन सिंह

विद्यालयों में विकसित भारत की तस्वीर उकेरेंगे छात्र-छात्राएं: डा. धन सिंह


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेशभर के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्या समीक्षा केंद्र में विभागीय समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को भाषण और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। चित्रकला में विद्यार्थी विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। विजेताओं को जनपद एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली और प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। डॉ. रावत ने बताया कि सात अक्टूबर को सभी राजकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम होगा, जिसमें पीएम पोषण योजना के तहत स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। उन्होंने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से कक्षाएं शुरू करने, आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शीघ्र भेजने और विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से ड्रेस, जूते व बैग की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *