दीक्षांत समारोह में 2,701 डिग्रियां प्रदान, 518 पीएचडी के साथ नया रिकॉर्ड

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की का दो दिवसीय दीक्षांत समारोह-2026 उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार की उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों को 1,424 डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी/पीएचडी ड्यूल और तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं।
समारोह में हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन छिताले मुख्य अतिथि तथा ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक और एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन एडवोकेट हरीश साल्वे और निदेशक प्रो. केके पंत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
दीक्षांत समारोह की प्रमुख उपलब्धि 518 पीएचडी डिग्रियों का प्रदान किया जाना रहा, जो आईआईटी रुड़की के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक संख्या है। इनमें 172 महिला शोधार्थी शामिल हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत पहली बार तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां भी प्रदान की गईं। दूसरे दिन स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल छात्रों को कुल 71 पुरस्कार एवं 33 पदक प्रदान किए गए। इनमें संस्थान और दानदाताओं द्वारा प्रायोजित पुरस्कार शामिल रहे। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट शोध के लिए भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय समारोह के समापन के साथ संस्थान ने कुल 2,701 डिग्रियां प्रदान कीं। इनमें 1,277 स्नातक, 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी और तीन एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं। संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धियां आईआईटी रुड़की के मजबूत अकादमिक और शोध तंत्र को दर्शाती हैं। वहीं मुख्य अतिथि हर्षवर्धन छिताले ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने, नवाचार और ज्ञान को उपयोगी समाधानों में बदलने का आह्वान किया।