मोरियाना टॉप हादसे में घायलों को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

टिहरी। टिहरी गढ़वाल में मोरियाना टॉप के पास टेंपो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना छाम क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया है।
सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्राथमिक जांच में वाहन का ब्रेक फेल होना हादसे का कारण बताया गया। दुर्घटना में तीन यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। वाहन में सवार यात्री मसूरी से गंगोत्री जा रहे थे और दिल्ली निवासी बताए गए हैं। अन्य यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई। पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन जांच और सावधानी बरतने की अपील की।