आपदा के लिहाज से बेहद संवेदनशील जिला, आपसी समन्वय और तत्परता से काम करें सभी विभाग: मदन

आपदा के लिहाज से बेहद संवेदनशील जिला, आपसी समन्वय और तत्परता से काम करें सभी विभाग: मदन


उत्तरकाशी। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने एक दिवसीय जनपद दौरे पर मानसून सीजन में संभावित आपदा और भूस्खलन की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क अक्सर टूट जाता है, इसलिए ऐसे गांवों में पहले से ही खाद्यान्न, ईंधन, एलपीजी और जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एनएच, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई को संवेदनशील मार्गों को चिन्हित कर वहां जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए ताकि मार्ग अवरुद्ध होने पर तुरंत बहाल किया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने और जल संस्थान व विद्युत विभाग को आपदा के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में 25 संवेदनशील जोन चिन्हित किए गए हैं, जहां 60 से अधिक मशीनें तैनात हैं। इसके अलावा 68 विद्यालयों को शेल्टर होम और 19 हेलीपैड तैयार किए गए हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। मंत्री ने कहा कि आपदा के समय जन-धन की हानि को न्यूनतम रखना ही प्राथमिक लक्ष्य होना चाहिए और सभी विभाग पूरी तत्परता से कार्य करें।

कैबिनेट मंत्री ने स्मार्ट कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

उत्तरकाशी। जनपद भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां संचालित आधुनिक निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने मंत्री को सीसीटीवी नेटवर्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था के बारे में विस्तार से अवगत कराया। मंत्री ने विभिन्न स्थानों की निगरानी प्रणाली का अवलोकन करते हुए कहा कि सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में तकनीक का प्रभावी उपयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए स्मार्ट निगरानी प्रणाली का और अधिक प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *