अवैध मीट बिक्री के विरोध में विहिप-बजरंग दल ने किया प्रदर्शन

उत्तरकाशी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर उत्तरकाशी में अवैध मीट-मांस की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संगठन का कहना है कि भगवान विश्वनाथ और मां गंगा की पवित्र नगरी उत्तरकाशी में कुछ लोग अवैध रूप से मांस बेचकर धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रशासन पहले मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगा चुका है, इसके बावजूद अवैध कारोबार जारी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की मांग की। इस दौरान जिला मंत्री सचेंद्र परमार, कीर्ति सिंह मेहर, मुनींद्र सिंह सहित विहिप और बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।