कुंभ क्षेत्र में एनएच कार्यों में तेजी के निर्देश, कांवड़ यात्रा से पहले पूरा करने पर जोर

कुंभ क्षेत्र में एनएच कार्यों में तेजी के निर्देश, कांवड़ यात्रा से पहले पूरा करने पर जोर


हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों की बैठक लेकर कुंभ क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यस्थलों पर संसाधन और मशीनरी बढ़ाकर काम में तेजी लाने को कहा।
बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, हरिद्वार-नगीना मार्ग और प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, इसलिए परियोजना निदेशक स्वयं निगरानी कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए जगजीतपुर व बहादराबाद क्षेत्र के सभी कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भी चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों के कारण यात्रा व्यवस्था प्रभावित होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य करने, हरित आवरण बढ़ाने तथा पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कुंभ मेला प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, एचआरडीए और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *