महिलाओं और बच्चों को दी योजनाओं की जानकारी

लंबगांव। सेवा संकल्प सप्ताह के तहत आंगनबाड़ी केंद्र थौलधार मांजफ में आंगन मिलन कार्यक्रम उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रंगोली बनाकर स्वस्थ एवं सशक्त परिवार का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ इंटर कॉलेज मांजफ के प्रधानाचार्य केएस रावत ने किया।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री मनीषा महर ने महिलाओं और ग्रामीणों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा देवी गौरा धन योजना, पूरक पोषण योजना, अन्नप्राशन, गोद भराई और नियमित टीकाकरण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र महिलाओं एवं बच्चों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। प्रधानाध्यापक गोविंद मिश्रवाण और ग्राम प्रधान गंभीर सिंह महर ने महिलाओं, किशोरियों और कुपोषित बच्चों के हित में संचालित जागरूकता एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए परिवार एवं समाज की जागरूकता जरूरी है।