चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों ने आयोजित किया परिवार मिलन समारोह

हरिद्वार, 30 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आर्य नगर स्थित चाणक्य शाखा के स्वयंसेवकों की ओर से ज्वालापुर स्थित अनुराग पैलेस में परिवार मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के साथ मातृशक्ति, बच्चों और परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
समारोह में अतिथियों और परिवारजनों का तिलक एवं पटका पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, त्याग और संस्कारों पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत की सामूहिक प्रस्तुति दी। वहीं वीरांगना पन्नाधाय के त्याग और बलिदान पर आधारित लघु नाटिका ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। जिला संघचालक डॉ. नागयान ने परिवार को संस्कारों की प्रथम पाठशाला बताते हुए आपसी संवाद, आत्मीयता और भारतीय जीवन मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया। विभाग प्रचारक राकेश ने राष्ट्रभाव, सामाजिक समरसता और परिवार की भूमिका पर विचार रखे तथा कुटुंब प्रबोधन अभियान के महत्व को बताया। मुख्य अतिथि समाजसेवी सतीश त्यागी ने परिवार और समाज में संस्कारों के प्रसार को महत्वपूर्ण बताया। नगर संघचालक अधिवक्ता ज्ञानेश्वर ठकराल ने सभी अतिथियों एवं परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।