वाहन चोरी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, दो दुपहिया वाहन बरामद

देहरादून। प्रेमनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई हैं। पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में मुकदमा संख्या 203/2026 और 204/2026 दर्ज किए थे।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर विशान्त्री पुल के पास चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल यूपी-35-बीजे-7650 और स्कूटी यूके-07-बीयू-7059 के साथ पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। वे चोरी किए गए वाहनों को बाहरी क्षेत्रों में बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों में अमन राजपूत (19), पवन सिंह रावत (32), सागर पाल (27) और मनप्रीत (24) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, जगदीश रावत समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।