34.75 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

34.75 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत तीन नशा तस्कर गिरफ्तार


देहरादून। दून पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 34.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये बताई गई है।
रायपुर थाना पुलिस ने 29 सितंबर को गुरुद्वारा रोड के पास चेकिंग के दौरान मंगलु (24) निवासी शांति विहार सपेरा बस्ती को 15.52 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि वह हरिद्वार से स्मैक खरीदकर देहरादून में बेचने की फिराक में था। इसी क्रम में पटेलनगर क्षेत्र से डालनवाला निवासी शुभम चौहान उर्फ पिंकू (34) को 9.43 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, डोईवाला पुलिस ने 28 सितंबर को केशवपुरी बस्ती के पास चेकिंग के दौरान किरन (26) निवासी केशवपुरी बस्ती को 9.80 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त थे। तीनों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *