बैंककर्मी पर फायरिंग के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने बैंककर्मी पर फायरिंग के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को डीएसपी चौक बड़ोवाला निवासी एक युवक पर बाइक सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। मामले में 11 सितंबर को पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी अंकित चौहान को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। पूछताछ में पुलिस के सामने बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका माल्या रहमान द्वारा दोनों आरोपियों को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने माल्या को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार लगातार तलाश के बाद अंकुर (20) निवासी आदर्श कॉलोनी, लक्सर, हरिद्वार को 29 सितंबर को हरभजवाला के पास निर्माणाधीन हाईवे से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।