कांग्रेसियों ने आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी के योगदान को किया याद

कांग्रेसियों ने आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी के योगदान को किया याद


देहरादून। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के तत्वावधान में राजीव भवन में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राजीव गांधी के योगदान पर प्रदर्शनी एवं विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने राजीव गांधी को सूचना क्रांति का जनक और आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को तकनीकी एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की नींव रखी। उन्होंने पंचायतों को सशक्त बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा था। उनकी दूरदर्शी सोच और देश की एकता-अखंडता के लिए दिया गया बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने किया स्मरण

विकासनगर। शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से तिलक भवन में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि राजीव गांधी की पारदर्शी और दूरदर्शी सोच आज भी प्रेरणादायी है। कंप्यूटर क्रांति को बढ़ावा देना और 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलाना उनके महत्वपूर्ण निर्णयों में शामिल रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि राजीव गांधी ने सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *