चोपता-तुंगनाथ में वृहद सफाई अभियान, स्वच्छता का दिया संदेश

रुद्रप्रयाग। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में चोपता-तुंगनाथ क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह की अगुवाई में आयोजित अभियान में एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और पर्यटक शामिल हुए। अभियान के दौरान जगह-जगह फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उचित निस्तारण किया गया। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों, पैदल मार्गों एवं प्राकृतिक क्षेत्रों में कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों से प्लास्टिक और अन्य कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गई।