युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में कांग्रेस ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

जखोली। ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर तहसील जखोली में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्षों की मेहनत के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने नीट, एनटीए, सीबीएसई समेत विभिन्न परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर चिंता व्यक्त करते हुए परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और विश्वसनीय बनाने की मांग की। कांग्रेस ने प्रश्नपत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, लंबित भर्तियों को समयबद्ध पूरा करने, युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष व्यवस्था तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। इस दौरान कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।