चेन स्नेचिंग का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। थाना बसंत विहार क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को मधु अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात बाइक सवार उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 13 मई को मलिक चौक के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने नजर हसन (36) निवासी शिवलोक कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना कबूल करते हुए बताया कि नशे की लत पूरी करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था।