विक्रम शर्मा हत्याकांड में 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

विक्रम शर्मा हत्याकांड में 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस और एसटीएफ उत्तराखंड की संयुक्त टीम ने विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल भाग गया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
13 फरवरी 2026 को देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी जिम के बाहर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान झारखंड से आए कई आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस पहले ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि छह अन्य आरोपी फरार थे, जिन पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस पूछताछ में यशराज ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रची थी। उसने आरोपियों की देहरादून आने-जाने, ठहरने और अन्य खर्चों के लिए फंडिंग भी की। हत्या की योजना पहले नोएडा और दिल्ली में भी बनाई गई थी, लेकिन भीड़भाड़ के कारण असफल रही। बाद में देहरादून में जिम आते-जाते समय हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने मोबाइल और यूपीआई के जरिए साथियों की फ्लाइट, होटल, स्कूटी और बाइक किराये का भुगतान भी किया था। घटना के बाद आरोपी अपने पिता और अन्य साथियों के साथ फरार हो गया था। हाल ही में वह अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार आया था और इसके बाद सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस टीम में डालनवाला पुलिस, एसटीएफ और एसओजी नगर की संयुक्त टीम शामिल रही। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *