बारिश के पानी के तेज बहाव में पाइप में फंसा 6 वर्षीय मासूम, दर्दनाक मौत

देहरादून/विकासनगर। देहरादून जनपद के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नवाबगढ़ ग्राम पंचायत के डॉक्टरगंज (खादर बस्ती) में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 18 जुलाई की शाम बारिश के दौरान बच्चा मस्जिद के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान बारिश के पानी के तेज बहाव में बहकर वह नाली में बिछी पाइप में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पाइप को तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह अचेत हो चुका था। आनन-फानन में उसे विकासनगर उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में बनी सड़क में अत्यधिक ढाल होने और नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी तेज गति से बहता है, जिससे यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि यदि जल निकासी की समुचित व्यवस्था होती तो मासूम की जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं परिजनों ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।