मुख्यमंत्री के आम उत्सव को सफल बनाने में जुटी भाजपा

हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, जगजीतपुर में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार आगमन पर प्रस्तावित आम उत्सव और किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। आशुतोष शर्मा ने कहा कि यह आयोजन कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके समर्पण का उत्सव है, जिसमें मुख्यमंत्री सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, जिम्मेदारियों और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।