अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, व्यापारियों का विरोध; जेसीबी के सामने लेटकर किया प्रदर्शन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राजकुमार,
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, फुटपाथ, नालियों एवं सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में ललतारौ पुल से अपर रोड तक तथा उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा के नेतृत्व में भीमगोड़ा क्षेत्र में अभियान चलाकर 100 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान नालियों के ऊपर बने अवैध खोखे, ढाबे और अन्य कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान कुछ व्यापारियों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध भी किया। नाराज व्यापारियों ने जेसीबी मशीन के सामने लेटकर प्रदर्शन किया और अपनी आजीविका प्रभावित होने की बात कहते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई। मौके पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया तथा अभियान को जारी रखा।
रुड़की-मंगलौर क्षेत्र में भी संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। वहीं लक्सर के सुल्तानपुर बाजार में उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला के नेतृत्व में 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए गए और 16 लोगों के चालान किए गए। भगवानपुर नगर पंचायत क्षेत्र के गागलहेड़ी रोड पर भी सड़क, नालियों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित, सुगम यातायात और यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।