मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का किया निरीक्षण

मुख्य सचिव ने बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का किया निरीक्षण


टिहरी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना एवं परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।
इसके बाद उन्होंने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें व्यवसाय संचालन और रीप परियोजना के तहत प्राप्त वित्तीय सहायता की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परिसर में अधिक वृक्षारोपण करने तथा मेनू को सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहन देकर क्षेत्रीय विकास और स्वरोजगार को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।


मुख्य सचिव ने किया पर्यटन विकास परियोजनाओं का निरीक्षण 

टिहरी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने टिहरी झील क्षेत्र का भ्रमण कर कोटी-जाख-डोबरा पुल तक निर्माणाधीन पर्यटन सड़क एवं डोबरा क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इको पार्क के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन सड़क परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टिहरी झील क्षेत्र में सतत, समावेशी और जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित लगभग 1,294 करोड़ रुपये की परियोजना की जानकारी दी। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत डोबरा, चांटी, तिवाड़ गांव, कोटी कॉलोनी, नई टिहरी, मदन नेगी और लेक क्लस्टर सहित छह प्रमुख पर्यटन क्लस्टरों का विकास किया जाना प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *