कुंभ मेला विकास योजनाओं पर व्यापारियों की आशंकाएं संवाद से हुईं दूर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकर आश्रम चौक तथा पुराना रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र में प्रस्तावित अवस्थापना विकास कार्यों को लेकर स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की आशंकाएं मेला प्रशासन ने संवाद के माध्यम से दूर कीं। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों के साथ दोनों क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से बातचीत की।
अधिकारियों ने सड़क, फुटपाथ, चौराहों के सुधार और सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं के ब्लू प्रिंट व डिजाइन दिखाकर प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के पैदल आवागमन को सुगम बनाने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना है। पौधारोपण और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय आवागमन, वाहनों के संचालन और पार्किंग का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यातायात सुचारू रखने के लिए सड़क के मध्यवर्ती डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के उपयोगी सुझावों को योजनाओं के क्रियान्वयन में शामिल किया जाएगा।
व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं की जानकारी मिलने के बाद अपनी आशंकाएं दूर होने की बात कही। उन्होंने सड़क, फुटपाथ और चौराहों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को हरिद्वार के लिए उपयोगी बताते हुए प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान पार्षद विवेक भूषण ‘विक्की’, गुलशन शर्मा, व्यापारी प्रतिनिधि सागर अरोड़ा, सुभाष जिंदल, राजेश कुमार सहित पीडब्ल्यूडी व पीआईयू के अधिकारी मौजूद रहे।