मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता का शुभारंभ

उत्तरकाशी। जनपद में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। भटवाड़ी, डुंडा और पुरोला विकासखंड की सात न्याय पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। गंगोरी न्याय पंचायत की बालक कबड्डी में गोस्वामी गणेशदत्त इंटर कॉलेज प्रथम, राइंका गंगोरी द्वितीय और कीर्ति इंटर कॉलेज तृतीय रहा। बालिका वर्ग में भी गोस्वामी गणेशदत्त इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।