डीपीएस रानीपुर में तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह कल से

हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में 8 से 10 सितंबर तक तीन दिवसीय गोल्डन जुबली समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 8 सितंबर को लिटरेचर फेस्टिवल से होगी, जिसका उद्घाटन दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी के चेयरमैन एवं पूर्व आईएएस अधिकारी वी.के. शुंगलू करेंगे।
प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने बताया कि लिटरेचर फेस्टिवल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तक पढ़ने, अध्ययन, मनन और लेखन की रुचि को बढ़ावा देना है। समारोह में आध्यात्मिक, प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 में 30 विद्यार्थियों से शुरू हुआ डीपीएस रानीपुर आज करीब 7000 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है। विद्यालय के छात्र विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। गोल्डन जुबली समारोह को लेकर शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह है। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।