पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, नशे में बाइक फिसलने से हुई थी व्यक्ति की मौत

पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, नशे में बाइक फिसलने से हुई थी व्यक्ति की मौत


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली क्षेत्र में सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले व्यक्ति की मौत के मामले का पौड़ी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का पाया गया। 10 मई की रात डायल 112 पर सूचना मिली कि हंस अस्पताल के पास एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल भारत सिंह गोसाई निवासी लैंसडाउन को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान घटनास्थल से बाइक के टूटे पार्ट्स बरामद हुए, जो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के निकले। पुलिस जांच में पता चला कि मृतक अपने साथी मंदीप के साथ शराब पीने गया था। पूछताछ में मंदीप ने बताया कि दोनों शराब के नशे में बाइक से लौट रहे थे, तभी हंस अस्पताल के पास बाइक फिसल गई और दोनों गिर पड़े। नशे की हालत में मंदीप कुछ देर बाद बाइक लेकर घर चला गया। पुलिस ने संबंधित बाइक कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का पाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *