चारधाम रूट पर मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई

टिहरी। चारधाम यात्रा मार्ग पर औषधि प्रतिष्ठानों में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर चम्बा स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों और औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर आवश्यक अनुपालन के निर्देश दिए गए। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक औषधि प्रतिष्ठान के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई। साथ ही परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए 5 औषधि नमूने भी एकत्र किए गए। अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर मेडिकल स्टोरों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो सकें।