घरेलू प्रताड़ना से परेशान महिला को पुलिस ने दिया सहारा

पौड़ी। पुलिस ने घरेलू प्रताड़ना और मानसिक तनाव से जूझ रही एक महिला को समय रहते सहायता पहुंचाकर सुरक्षित जीवन की ओर लौटाया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की तत्परता से महिला को गंभीर कदम उठाने से रोका गया और सुरक्षित पुनर्वास केंद्र पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को एक व्यक्ति करीब 45 वर्षीय महिला को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कार्यालय लेकर पहुंचा। महिला रास्ते में रोती और परेशान हालत में अकेली मिली थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति शराब के नशे में रोज मारपीट और प्रताड़ना करता था, जिससे परेशान होकर वह एक सप्ताह पहले घर छोड़ चुकी थी। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग की, मेडिकल परीक्षण कराया और मजिस्ट्रेट के आदेश पर उसे राजकीय महिला एवं बालिका कल्याण पुनर्वास केंद्र में सुरक्षित दाखिल कराया