पेयजल व्यवस्थाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जल संस्थान कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई स्तरों पर लापरवाही सामने आने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक कनिष्ठ अभियंता ड्यूटी समय में घर पर मिला, जिस पर उसके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के आदेश दिए गए। वहीं अधीक्षण अभियंता कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर उनका एक दिन का वेतन रोका गया और स्पष्टीकरण मांगा गया। डीएम ने कंट्रोल रूम नंबर सार्वजनिक करने, शिकायत पंजिका नियमित अपडेट करने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी जनहित से जुड़ी व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।