कर्णप्रयाग हमला प्रकरण: चार निहंग यात्री गिरफ्तार, तीन भेजे गए जेल

चमोली। जिले के कर्णप्रयाग बाजार में कृष्णा पैलेस होटल के समीप 16 जून को हुई हिंसक घटना में पुलिस ने चार निहंग यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया है। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई, जिसके बाद धारदार हथियारों से हमला किए जाने पर चार स्थानीय लोग घायल हो गए।
घटना के बाद वादी गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरियर लगाकर तीन आरोपितों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, जबकि चौथे आरोपित को अगले दिन चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। न्यायालय में पेशी के बाद तीन आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपित को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी और पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।