गढ़वाल विश्वविद्यालय में 11 सितंबर को होंगे छात्रसंघ चुनाव

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 की अधिसूचना जारी कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती के अनुसार 11 सितंबर को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष, छह कार्यकारिणी सदस्यों तथा विश्वविद्यालय छात्रसंघ प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए चुनाव होगा। नामांकन 2 सितंबर को सुबह 11 से शाम 4 बजे और 3 सितंबर को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक होंगे। नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और प्रत्याशियों की अंतिम सूची 5 सितंबर को जारी होगी। निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण 12 सितंबर को एसीएल हॉल में होगा। प्रत्याशियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति, निर्धारित आयु सीमा और अधिकतम पांच हजार रुपये चुनावी खर्च की सीमा तय की गई है। चुनाव में लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन अनिवार्य होगा।