औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति एवं सिंगल विंडो जिला प्राधिकरण समिति की बैठक आयोजित हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में रुड़की सहित जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की गई।
बैठक में स्ट्रीट लाइट, फायर स्टेशन निर्माण, ड्रेनेज एवं नालों, विद्युत आपूर्ति, नए विद्युत उपकेंद्रों और ट्रांसफार्मरों की स्थापना सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उद्योग निदेशालय के अधिकारियों ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में प्रतिभाग कर आवश्यक सुझाव दिए। अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत हों और निवेश एवं रोजगार को बढ़ावा मिले। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।