रोटरी क्लब कनखल का अधिष्ठापन समारोह संपन्न, राजीव अरोड़ा बने अध्यक्ष

हरिद्वार। रोटरी क्लब कनखल का अधिष्ठापन समारोह सिडकुल स्थित होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमपी गुप्ता एवं रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव अरोड़ा एवं सचिव मनोज का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमपी गुप्ता एवं विधायक आदेश चौहान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता, स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान सहित अन्य सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने सभी से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। रोटरी क्लब कनखल के डायरेक्टर डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि समाज सेवा ही क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों में शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास सराहनीय हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजीव अरोड़ा एवं सचिव मनोज ने कहा कि रोटरी क्लब कनखल भविष्य में भी गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य कैंप एवं शिक्षा सामग्री वितरण जैसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा। कार्यक्रम में असिस्टेंट कमिश्नर चेतन घई सहित रोटरी क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।