महिला स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं मेगा हेल्थ कैंप में सैकड़ों लोग लाभान्वित

देहरादून। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान (डीजेजेएस) एवं नव्य भारत फाउंडेशन (एनबीएफ भारत) के संयुक्त तत्वावधान में निरंजनपुर स्थित आश्रम में ’“मिशन आरोग्य, मिशन चिरंजीवी भारत एवं मिशन अपर्णा शक्ति”’ के तहत विशेष महिला स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया।
कैंप का शुभारंभ उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री कुसुम कंडवाल ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य वक्ता पीजीआई चंडीगढ़ की प्रोफेसर शालिनी गेंडर ने महिलाओं को स्वास्थ्य, जीवनशैली और महिला रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया। कैंप में फिजियोथेरेपी, दंत चिकित्सा, नेत्र जांच, रक्त जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और निशुल्क दवा वितरण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। पीजीआई चंडीगढ़ एवं दून अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का उपचार किया। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की संयोजक साध्वी अरुणिमा भारती ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। एनबीएफ के संस्थापक डॉ. अनिरुद्ध उनियाल ने भी लोगों को फिजियोथेरेपी संबंधी परामर्श दिया। कैंप में सैकड़ों जरूरतमंदों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।