हैप्रेक की कृषक मार्गदर्शिका का विमोचन, किसानों को मिलेगी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

श्रीनगर गढ़वाल। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने उच्च शिखरीय पादप कार्यिकी शोध केंद्र (हैप्रेक) द्वारा तैयार औषधीय एवं सगंध पादपों के कृषिकरण पर आधारित कृषक मार्गदर्शिका का विमोचन किया। यह मार्गदर्शिका हिमालयी क्षेत्रों के किसानों, शोधार्थियों और औषधीय पादपों से जुड़े उद्यमियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
हैप्रेक के निदेशक डॉ. विजयकांत पुरोहित के नेतृत्व में तैयार इस पुस्तक में दुर्लभ एवं संकटग्रस्त औषधीय तथा सगंध पादपों की वैज्ञानिक खेती, संरक्षण, संवर्धन और बाजारीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। कुलपति ने कहा कि हैप्रेक पिछले चार दशकों से हिमालयी औषधीय पौधों के संरक्षण और कृषिकरण में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मार्गदर्शिका किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, स्वरोजगार बढ़ाने और आय में वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।