चमोली में फायर सेफ्टी ऑडिट और मॉक ड्रिल अभियान तेज

चमोली। हाल ही में दिल्ली में हुई अग्निकांड की घटना के बाद चमोली पुलिस और फायर सर्विस ने जनपदभर में विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे, अस्पताल, विद्यालय, कॉलेज और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है।
अभियान के तहत अग्निशमन यंत्रों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र और अन्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया जा रहा है। कमियां मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। फायर सर्विस की टीमों ने गोपेश्वर, नंदानगर, नंदप्रयाग, चमोली, गोविंदघाट और पांडुकेश्वर क्षेत्रों में निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कॉलेजों, सरकारी एवं निजी संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित कर छात्रों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।