“सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का हुआ शुभारंभ

देहरादून। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री जन मन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत “जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 18 से 25 मई 2026 तक जनपद के चार विकासखंडों के 80 चयनित गांवों में संचालित होगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजाति समूहों (पीवीटीजी) और अन्य जनजातीय समुदायों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीकरण, बैंकिंग और स्वरोजगार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और कहा कि लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।