रक्षाबंधन समारोह में महिला सम्मान और सशक्तिकरण का दिया संदेश

पौड़ी। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से पैठाणी में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण मुख्य अतिथि तथा कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत मुख्य वक्ता रहे। राज्य मंत्री अनुराधा वालिया और डॉ. दीपा रावत भी मौजूद रहीं। समारोह में रक्षाबंधन को महिला सम्मान, सामाजिक समरसता और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के प्रतीक के रूप में मनाया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकता का पर्व बताया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस बार समारोह में महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और विश्वास का पवित्र बंधन है। उन्होंने सभी बहनों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।