हाइब्रिड धान बीजों से किसानों की बढ़ी आय, 70 हेक्टेयर में शुरू हुई आधुनिक खेती

देहरादून। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत देहरादून जनपद के सहसपुर और विकासनगर ब्लॉक में हाइब्रिड धान बीजों ने किसानों की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। कृषि विभाग द्वारा 20 ग्राम पंचायतों के 70 किसानों को 28 कुंतल हाइब्रिड धान बीज वितरित किए गए, जिससे 70 हेक्टेयर क्षेत्र में हाइब्रिड धान खेती शुरू हुई।
पहले किसान प्रति हेक्टेयर लगभग 45 कुंतल धान उत्पादन कर औसतन 81 हजार रुपये आय अर्जित करते थे। हाइब्रिड बीजों के प्रयोग से उत्पादन बढ़कर 62 कुंतल प्रति हेक्टेयर पहुंच गया, जबकि आय बढ़कर 1.13 लाख रुपये हो गई। इससे किसानों की आय में करीब 32 हजार रुपये यानी 39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मुख्य कृषि अधिकारी देवेन्द्र राणा ने बताया कि योजना के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए खरीफ 2025 में हाइब्रिड धान उत्पादन क्षेत्र बढ़ाकर 186 हेक्टेयर किया गया है। हाइब्रिड बीज अधिक उत्पादन, रोग प्रतिरोधक क्षमता और कम पानी में बेहतर उपज के कारण किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं।