सोमवती अमावस्या स्नान पर्व सकुशल संपन्न होने पर जताया आभार

हरिद्वार। हरिद्वार में सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। अनुमानित 76 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद स्नान पर्व पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सफल आयोजन के लिए श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पुलिस बल का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और सहयोगी विभागों के उत्कृष्ट समन्वय, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सतत निगरानी के कारण विशाल जनसमूह के बीच भी आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। जिलाधिकारी ने स्वयंसेवी संस्थाओं, श्री गंगा सभा, तीर्थ पुरोहितों, मीडिया कर्मियों और अन्य सहयोगी एजेंसियों के योगदान की भी सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और समन्वय की अपेक्षा जताई।