कुंभ 2027 को ऐतिहासिक बनाने की कवायद, संतों का मिल रहा मार्गदर्शन

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा तट पर आयोजित होने वाले इस महाकुंभ को लेकर राज्य सरकार, मेला प्रशासन और संत समाज के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि आयोजन को परंपराओं और अपेक्षाओं के अनुरूप सफल बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार कुंभ नगरी में आधारभूत सुविधाओं के विकास और व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन अखाड़ों और आश्रमों के प्रमुख संतों से निरंतर संवाद कर रहा है।
इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने विभिन्न संतों से भेंट कर कुंभ 2027 की तैयारियों की जानकारी साझा की और उनके सुझाव प्राप्त किए। संतों ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।
संत समाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ को भव्य और यादगार बनाने की दिशा में गंभीर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से इस महान पर्व में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।