उत्तराखंड प्रहरी की खबर का असर: टाइगर शावकों की हत्या मामले में वन मंत्री पहुंचे श्यामपुर रेंज, जांच के आदेश

हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर रेंज में नर और मादा टाइगर शावकों की हत्या की घटना को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब शासन और वन विभाग हरकत में आ गया है। “उत्तराखंड प्रहरी” में खबर प्रकाशित होने के बाद वन मंत्री सुबोध उनियाल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उनके साथ राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि भी मौजूद रहे।
वन मंत्री ने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि टाइगर शावकों की हत्या बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अनिरुद्ध स्वप्निल, पूनम कैंथोला और विनय कुमार राठी सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। वन मंत्री ने अधिकारियों को वन्यजीव सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने के निर्देश भी दिए।