सीमांत क्षेत्रों में रक्षा परियोजनाओं को गति देने पर डीएम ने दिया जोर

उत्तरकाशी। भारत-चीन सीमा से सटे सीमांत क्षेत्रों में रक्षा अवसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सेना को हस्तांतरित की जाने वाली वन भूमि से जुड़े मामलों की समीक्षा की। बैठक में राजस्व विभाग, वन विभाग और सेना के अधिकारियों के साथ लंबित प्रस्तावों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को शीघ्र दूर करने को कहा। साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में प्रस्तावित सेना चौकियों और संपर्क मार्गों के लिए स्थलीय निरीक्षण जल्द पूरा करने तथा प्रतिपूरक वनीकरण हेतु आवश्यक भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा सर्वाेपरि है और सैनिकों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।