कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें सभी विभाग: मंडलाआयुक्त

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार, केंद्र सरकार, रेलवे, परिवहन, पुलिस और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। इसलिए अब योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। सभी विभाग अपने-अपने कार्यों के लिए नामित नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपें, जो विभागीय योजनाओं और प्रगति की पूरी जानकारी रखते हों। आयुक्त ने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में केवल अधिकृत नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें, ताकि निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी और परिणामकारी बन सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने रेलवे, परिवहन और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा संभावित आपात परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और आपदा प्रबंधन योजनाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय कुंभ की तैयारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी विभागों को इसे राज्य के गौरव से जुड़ा दायित्व मानकर पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए रेल, सड़क परिवहन और आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्ययोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्यकता बताई। वहीं विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे की तैयारियों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
बैठक में आशीष चौहान, मयूर दीक्षित, नवनीत सिंह भुल्लर, आयुष अग्रवाल, प्रमेन्द्र डोबाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों पर प्रस्तुति दी, जबकि अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ टिहरी और पौड़ी जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग कर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपने सुझाव और प्रगति रिपोर्ट साझा की।