ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने दिए निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद में संचालित ई-ऑफिस व्यवस्था की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन, डिजिटल पत्रावलियों के निस्तारण तथा तकनीकी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है तथा अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो रही है। समीक्षा के दौरान कुछ विभागों द्वारा ऑनलाइन कार्य निष्पादन एवं रिपोर्टिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं से अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि शासकीय कार्यों की गति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को त्वरित, पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाना है। सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें तथा लंबित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण करें। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा, विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।