आमसभा में हुआ पूर्व विधायकों के हितों से जुड़े प्रस्तावों पर मंथन

देहरादून। उत्तराखण्ड पूर्व विधायक संगठन की वार्षिक आमसभा शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं पूर्व विधायकों ने प्रतिभाग करते हुए पूर्व विधायकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष लाखीराम जोशी ने की, जबकि संचालन केदार सिंह रावत ने किया।
अध्यक्ष लाखीराम जोशी ने कहा कि पूर्व विधायक संगठन का गठन प्रदेश में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो पूर्व विधायकों के सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से पांच प्रमुख प्रस्तावों पर चर्चा कर आगे की कार्रवाई के लिए सहमति प्रदान की गई। प्रस्तावों में राजकीय विश्राम गृहों में पूर्व विधायकों का नाम अतिथि सूची में शामिल करने, उत्तराखण्ड निवास दिल्ली में किराया वर्तमान विधायकों के समान करने, गोल्डन कार्ड लागू करने, सम्मान राशि का नाम बदलने तथा परिवहन निगम की सभी बसों में यात्रा सुविधा देने की मांग शामिल रही। बैठक के अंत में संगठन को मजबूत करने एवं पूर्व विधायकों के हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।