सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समन्वय से करें कार्य: डीएम

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, चालान अभियान को तेज करने और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण को व्यापक स्तर पर लागू करने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और सड़कों के गड्ढों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा समय पर देने के निर्देश भी दिए गए।