वन संरक्षण, भूमि सुधार और आजीविका संवर्धन पर किया मंथन

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में भारत-जर्मन तकनीकी सहयोग परियोजना के तहत वन संरक्षण, भूमि सुधार और आजीविका संवर्धन पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में वन एवं वृक्ष आच्छादन बढ़ाने, भूमि क्षरण रोकने और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव कम करने के उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने पायलट योजना के लिए उपयुक्त स्थलों के चयन और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने, पीरूल आधारित संयंत्र, पर्यटन, दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार गतिविधियों को शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके।