केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से शुरू होने वाली केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान धाम और पैदल मार्ग पर बर्फ हटाने का कार्य तेजी से जारी पाया गया। कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक बर्फ जमी है, जिसे हटाने के लिए श्रमिक तैनात किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, आईटीबीपी जवान, सीसीटीवी और ड्रोन की मदद ली जाएगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।