कुंभ मेला-2027 के कार्यों की निगरानी को जिला स्तरीय अधिकारियों को भी जिम्मेदारी

कुंभ मेला-2027 के कार्यों की निगरानी को जिला स्तरीय अधिकारियों को भी जिम्मेदारी


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के निर्माण एवं विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ क्षेत्र में शामिल जिलों के करीब डेढ़ दर्जन जिला स्तरीय अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों के अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी है। नामित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर हर सप्ताह प्रगति और गुणवत्ता की रिपोर्ट देंगे।
सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक लेते हुए मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ कार्यों में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने वर्षाकाल के बाद शुरू होने वाले कार्यों की तैयारी अभी से पूरी करने तथा गंगनहर क्लोजर के दौरान प्रस्तावित घाट निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। फुटपाथ, सड़क और चौराहों के कार्यों में स्थानीय नागरिकों व जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उपयोगी सुझाव शामिल करने के निर्देश भी दिए।
कुंभ क्षेत्र को 32 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसमें हरिद्वार के अलावा देहरादून, पौड़ी और टिहरी के क्षेत्र शामिल हैं। मेलाधिकारी ने घाटों, पुलों और बड़ी परियोजनाओं पर विशेष निगरानी के साथ शिविर स्थलों की भूमि ड्रेसिंग-लेवलिंग, सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने कहा कि सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित कुंभ के लिए समयबद्ध कार्य और विभागीय समन्वय सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *