पुलिस ने आरोपी बेटी और प्रेमी को किया गिरफ्तार

देहरादून। रायवाला में 65 वर्षीय महिला खजानी देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने से नाराज बेटी शिल्पा थापा ने प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर को खजानी देवी अपने घर में मृत मिली थीं। घर के गेट पर बाहर से ताला लगा था। मामले में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर छह पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतका का बेटी शिल्पा से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद और उसके परिचित शिवनारायण की घटना से पहले आसपास मौजूदगी सामने आई। पुलिस ने रायवाला, हरिद्वार समेत आसपास के क्षेत्रों में करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 25 सितंबर को शिवनारायण को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके द्वारा शिल्पा के कहने पर खजानी देवी की हत्या करने की बात स्वीकार करने की जानकारी पुलिस ने दी। इसके बाद पुलिस ने 26 सितंबर को शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शिल्पा ने शिवनारायण को खजानी देवी की अपनी सौतेली मां बताते हुए पुश्तैनी जमीन में हिस्सा मिलने और जमीन बेचकर साथ में गृहस्थी बसाने का लालच दिया था। शिवनारायण पर करीब 10 लाख रुपये की देनदारी भी बताई गई है। पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को वह खजानी देवी के घर पहुंचा और गला दबाकर उनकी हत्या करने के बाद बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवनारायण पांडे (39) निवासी भगवानपुर, हरिद्वार और शिल्पा थापा (36) निवासी रायवाला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि शिवनारायण के खिलाफ दिल्ली में पूर्व से दो मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।